Sunday, 2 September 2018

निशानची

~~निशानची (कहानी)~~

आज सुदूर हिमालय के इस सीमावर्ती गांव में कुछ हलचल सी है क्योंकि महिलाओं का एक दल जो जंगल मे घास लेने के लिए जंगल की ओर जाने को तैयार था, आज उसमे एक निर्णात्मक फैसला होने जा रहा था , फैसला ये की  विमला के लिए अब से रुका जाए या नही ...क्योंकि उसकी लेटलतीफी से हर रोज घास लेने में देरी हो जाती है और आज महिलाएं निर्णय करने हेतु दृढसंकल्प होकर चौपाल में एकत्रित हैं....उनकी चौपाल स्थित है गांव के ही पास पानी के स्रोत्र के निकट खड़ा एक तिमला(अंजीर) का पेड़…इसी जगह में सभी गांव की महिलाएँ एकत्रित होकर जंगल की ओर जाती है ,ये पेड़ इतना छायादार तो नही पर इसकी जड़ में पड़े एक चिकने पत्थर ने घास लेने जानी वाली महिलाओं के लिए इसे मूल्यवान बना दिया था, क्योंकि जंगल जाने से पहले अपने दाथी(,घास काटने का हथियार) की धार तेज़ करने हेतु ये पत्थर  उनके लिए उपयुक्त था ..और साथ ही पत्थर चौड़ाई में बड़ा भी था तो ये विभिन्न प्रकार के इस्तेमाल में खरा उतरा ,ये प्रतिक्षालय भी बना ,विश्रामालय भी..चौपाल भी और गपसप करने की जगह भी ..इसी पत्थर पर गांव की महिलाओं ने पहले भी कई क्रांतिकारी निर्णय आपसी मत से  लिए थे इसलिए इसे यदि इसे गांव की  महिलाओं की संसद कहा जाए तो अतिश्योक्ति नही होगी..खैर आज का मामला विमला से जुड़ा है तो विमला के बारे में थोड़ा प्रकाश डालते हैं  ,विमला जो अभी एक साल पहले ही इस गांव में  ब्याह के आयी है शारीरिक रूप से थोड़ा कमज़ोर है इसके पीछे की वजह ये है कि इसके जन्म के कुछ माह के उपरान्त ही इसके सर से माँ का साया उठ गया था ,विमला को दादी ने लाड़ से तो पाला मगर उसे पोषित करने वाले दूध की अल्पता ने इसे अपने 2 भाई 1 बहिन में सब से दुर्बल बना दिया ..इसका परिणाम ये हुआ कि जो कार्य करने में किसी को 1 घंटा लगता था, तो वोही काम विमला करे तो उसे 2 घंटे लगते थे ..इसी वजह से बचपन से उसका उपहास उसके गांव के संगी साथी उड़ाते रहे अपने गांव में वो एक आलसी,, कामचोर.. कई नामों से कहलायी जाती थी  हालांकि वो कामचोर नही थी बस उसकी गति धीमी थी ,वो किसी कार्य से जी नही चुराती थी बड़ी तल्लीनता से वो हर कार्य करती थी बस सामर्थ्य ना होने के कारण वो कार्य को निपूर्णता से नही कर पाती थी, लोगों के उपहास के कारण उसके स्वभाव में एक अकेलापन आ गया ,वो मुखर ना हो पाई और हीन भावना से ग्रसित होकर  अपना आत्मविश्वास खोती गयी, ऊपर से दादी द्वारा बार बार ये कहना कि इस से को शादी करेगा, काम  तो इस से होता नही,, रात दिन दादी की इस चिंता ने भी उसे अंदर तक दुःखी कर दिया था  क्योंकि ये समय तक़रीबन सन1948 से 1962 का है जहां समाज मे वो ही महिला कार्यकुशल मानी जाती थी जो घर, जंगल, खेत, गाय भैंस, को अच्छी तरह से संभाल सके ..जिसके सर में घास  या लकड़ी का जीतना बड़ा गट्ठर होता था वो उतनी ही कार्यकुशल, निपुण समझी जाती थी  , महिलाओं को शिक्षित करने की सोच अभी समाज मे व्याप्त नही थी ..अतः ये घरेलू कार्य करने की कुशलता ही उनकी MA की डिग्री थी..और अपनी विमला इसमें फिस्सड़ी ..खैर विमला सब काम मे फिसड्डी तो थी पर उस के अकेलेपन ने उसे ध्यानकेन्द्रित करने की अनोखी शक्ति दे दी थी और ये शक्ति का वो सबसे अच्छा उपयोग अपने घर के पास खड़े अपने पसंदीदा आम के पेड़  पर आम तोड़ने के लिए करती थी ..पेड़ एक नुकीले चट्टान पे था तो उस पर चढ़ के आम तोड़ना आसान तो ना था पर विमला जो अपने जान से प्यारे आम के लिए कुछ भी कर सकती थी, तो उसने पत्थर से दूर से निशाना लगाना सीख लिया .आम किसी भी ऊंचाई और घनी टहनीयों के बीच हो विमला के एक या दो सटीक वार से आम तपाक से नीचे आ जाता था ..पर ये उपलब्धि से भी उसे कोई फायदा ना था क्योंकि उसे सुनने को ही मिलता था कि देखो! आम तोड़ने में तो कैसे फुर्ती आ जाती है इसे ,और घास ,लकडी, खेत का काम हो तो केंचुए की तरंह रेंगती है ..दादी भी कहती कि 24 घंटे उस आम के पेड़ में क्या करती है क्या ससुराल में भी पत्थर मार के अपने सास का सार फोड़ के खाएगी? ,अब विमला की कार्यकुशलता अनुसार विमला के लिए उसीप्रकार घर ढूंढा गया, जिसमें घर कार्य ना के बराबर हो सो विमला की शादी के लिए इस गांव के धानीराम का घर चुना गया धानीराम की माँ थी नही बाप था वो भी बीमार सा बस हुक्के को अपना जीवनसाथी मानकर बची ज़िन्दगी गुजार रहा था ..धनीराम खुद पटवारी के यहां चपरासी का कार्य करता था घर से सम्पन्न नही थान इसलिए खेती भी नाममात्र की थी घर मे भैंस नही थी पर एक गाय थी ..कुलमिलाकर घर का कार्य ना के बराबर था ..धानीराम भी स्वभाव में सरल था और विमला के लिए उसका स्वभाव सामान्य ही था क्योंकि वो जानता था वो घर से सम्पन्न नही है8 इसलिए उसे विमला जैसा जीवनसाथी मिलना ही उसकी किस्मत में था, और कभी कभी आपकी गरीबी आपको संतोषी भी बना देती है बस वो एक सामान्य संतोषी व्यक्ति था विमला उसके लिए बस अन्य पारिवारिक सदस्यों की तरह ही थी..सास थी नही इसलिए विमला कार्य भी अपने अनुसार अपने समय पर करती थी फुर्ती थी नही इसलिए घास लेने जाने हेतु उसे रोज ही लेट होना पड़ता था और उसकी वजह से गाँव की औरतों को भी ..क्योंकि जंगल मे नरभक्षी बाघ और भालू का खतरा बना रहता था इसलिए गांव की महिलाएं एकत्रित होकर सामूहिक रूप से जंगल की और घास लेने जाति थी..पर अब वो सब विमला की लेटलतीफी को सहन नही करना चाहती थी ..औरतों का मत था इसकी सास तो है नही वो तो मजे से आएगी हमे तो घर जा के सास की डाँट रोज इसकी वजह से सुनी पड़ती है ..संसद तिमले के पेड़ में बैठ चुकी थी इन महिलाओं का नेतृत्व कर रही थी चंदा ..नाम तो चन्दा था मगर रंग रूप में वो बस औसत थी शायद उस के मुख के गोल बनावट की वजह से उसका नाम चांद पर रख गया हो , विमला और उसका विवाह एक ही महीने के अंदर हुआ था इसलिए वो विमला से प्रतिस्पर्धा रखती थी वैसे प्रतिस्पर्धा दोनों में थी ही नही कहाँ कमजोर विमला कहाँ बिजली सी फुर्ती वाली चंदा , चूँकि दोनो एक ही समय मे इस गाँव मे आयी थी तो चंदा सर्वश्रेष्ठ नवविवाहिता का ताज पहने के लिए उससे प्रतिस्पर्धा करने लगी ..चंदा गांव के प्रधान की बहू थी जिसके यहां 2 गाय,, 2 भैंस,, कई बकरियाँ,, खेती भी खूब थी ,सम्पन्न परिवार था और संपन्न परिवार की बहू होने का घमंड भी उस मे कूट कूट के भरा था ..और उसे विमला का मजाक उड़ाने और उसे नीचा दिखाने में बड़ा मजा आता था..प्रतिस्पर्धा केवल चंदा की तरफ से थी विमला को तो पता था उसकी शारिरिक दुर्बलता से वो चंदा क्या गाँव की बूढ़ी औरतों के बराबर भी नही ..उसे चंदा की किसी बात का कभी बुरा नही लगा ..क्योंकि बचपन से उसे इन सब की आदत थी उसके लिए नया कुछ भी नही था ,पर कहते हैं ना सबल को हमेशा निर्बल को सताने में मजा आता है चंदा भी इसी दृष्टिकोण से विमला से व्यवहार करती थी..चंदा संसद में ज़ोर ज़ोर से कहने लगे गयी कि अब पानी सर से ऊपर हो चुका है हमने विमला को  पहले भी बहुत समय दे चुके है उसे तो एक गाय के लिए चारा लाना पड़ता है हमे तो  4..4 पशुओं के लिए चारा लाना पड़ता है ..अधिकांश महिलाओं ने चंदा की बात में सहमति जताई कुछ महिलाएं जो विमला के सत्य से परिचित थी और जानती थी इसमे विमला का दोष नही वो जानबूझकर कुछ नही करती पर वो सब आज चुप थे क्योंकि पिछली कई बैठकों में इन्होंने ही विमला का पक्ष ले के उसे बचाया था  ..पर आज ये भी बहुमत को देखते हुए कुछ ना बोल पाए ..संसद में प्रस्ताव पास हो गया फैसला किया गया कि अब से विमला के लिए नही रुका जाएगा ..और सभी महिलाएं बिना विमला के जंगल चली गयी..विमला आयी देखा चौपाल में कोई नही पर उसे अचरज नही था उसे पता था आज नही तो कल चंदा अपने मनसूबे में कामयाब होकर रहेगी..उसने भी ज़्यादा प्रतिक्रिया न करते हुए घास लेने के लिए घर के ही पास स्थित खेत मे चले गईं.. उसकी एक गाय तो थी कितना खाएगी ,, बस अब रोज ही वो आस पास के पेड़ों, खेतों से थोड़ा बहुत चारा लाने लगी ..अकेलेपन की उसकी आदत ने उसे  स्थिर रखा उसे विचलित नही होने दिया.. और विमला के इसी व्यवहार ने चंदा को ज़्यादा खुश होने नही दिया ..और इस से चंदा के मन मे विमला के लिए और खिज उत्पन्न हो गयी..विमला एक सन्यासी सा उदासीन जीवन जी रही थी..उसे लगता था उसे बस जीवन काटना है और कुछ नही, ये मान सम्मान ,आदर भाव,शाबाशी, प्रोत्साहन ये सब उसके लिए नही बने है ..साल 1962 आया देश की कई सीमाओं पर चीन ने हमला किया ..क्योंकि इस गांव से चीन सीमा ज़्यादा दूर नही थी इसलिए इन सभी सीमावर्ती गाँवों पर भी खतरा मँडरा रहा था ..गाँव के रेडियो दिनरात बजने लगे ..गांवों में कोतेहुल का माहौल था क्योंकि यहाँ के अधिकांश लड़के फ़ौज में थे वो अपने सपूत के जानमाल  लिए पल पल रेडियो सुन रहे थे ..कई रिटायर्ड फौजी जिन्होंने अंग्रेजों की तरफ से कई युद्ध लड़े थे उनकी भी बाहें फड़क रही थी..और आपने किस्सों से उन्होंने गांव के बच्चों  नोजवानों और महिलाओं में एक जोश सा भर दिया था ..गांव के सभी लोग देश के लिए कुछ भी करने की भावनाओं से ओत प्रोत था..चूँकि चीन हमसे उस समय  शक्तिशाली था इसलिए सरकार ने सीमावर्ती गाँव मे आम गांव वासीयों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग देने शुरु करने की योजना बनाई जिससे आवश्यक्ता पढ़ने पर गांव वाले स्वयं की रक्षा कर सके नोजवानों को नाम लिख कर भर्ती किया जाने लगा ...इस गाँव मे भी ट्रेनिंग कैम्प बनाया गया और गांव की सभी सक्षम महिलाओं को 3 नॉट3 रायफल चलाने के उद्देश्य से  बड़े से खेत को चुना गया एक किनारे घासफूस का एक आदमी नुमा टारगेट बनाया गया ..गांव की सभी महिलाओं को एकत्रित कर के आर्मी के ट्रेनर ने एक जोशीला भाषण देते हुए देश के प्रति हमेशा तैयार रहने का उद्देश्य समझाते हुए रायफल के बारे में जानकारी दी ..कैसे पकड़े,, कैसे लोड करें और कैसे निशाना साधते हुए फायर करे..महिलाएं उत्साहित थी क्योंकि उनके जीवन मे कुछ नया होने जा रहा था  पहाड़ की इस कमरतोड़ जीवनयापन में इन्हें ये ट्रेनिंग एक हास्य, विस्मय,आराम का एक पल प्रतीत हो रहा था ..सभी महिलाएं रायफल को हाथों में लेने के एहसास से अभिभूत थी ..कुछ महिलाये इस के वजन से खुद को संभाल नही पा रही थी, निशाना तो दूर की बात इसको लोड करने में ही 2 महिलाओं को एक रायफल में आना पढ़ रहा था .पहले दिन की ट्रैनिंग हुई पर आज सिर्फ रायफल को कैसे पकड़े और कैसे लोड करने की ट्रैनिंग दी गयी
सुबह की ट्रेनिंग के बाद शाम को सभी महिलाएं घास लेने हेतू अपने चौपाल पर एकत्रित हुए और आज की ट्रेनिंग पर हास्य विनोद से चर्चा करने लगी ..चंदा को सब दाद दे रहे थे कि उसने अकेले ही रायफल को लोड किया रायफल के वजन से भी इसे खास असर नही हुआ.. चंदा प्रसंशा से फुली नही समा रही थी पर उसे एक बात अखर रही थी कि ये सब देखने को विमला वहां नही थी अगर विमला वहां होती तो उसकी ये खुशि दुगनी हो जाती  और  विमला जो उदासीन हो चुकी थी तो उसने तो ये मान लिया था कि रायफल चलना उस के बस की बात नही इसलिए वो ट्रेनिंग में भी नही गयी ..और चंदा चाह रही थी कि वो भी वहां हो तो उसे नीचा दिखाने का उसे एक मौका मिल जाये ..अब चंदा ने चौपाल में विमला की बात छेड़ दी कि देखो विमला कैसे खुदगर्ज है उसे देश और गांव की चिंता ही नही हम सभी यहां जी जान से घर का काम भी कर रहे हैं और देश के लिए ट्रेनिंग में भी जा रहे हैं और वो महारानी आराम से घर मे मजे ले रही है ..महिलाओं ने भी चंदा की इस बात का समर्थन करते हुए कोसा और सभी घास के लिए चल दिये..शाम को विमला के घर मे पड़ोस की ताई आयी उसने चौपाल में हुई बात का जिक्र विमला से किया..पर विमला विचलित नही हुई न ही उसे इसका प्रभाव पड़ा..पर ताई ने कहा कि बेटा गांव के सभी जा रहे हैं तू ऐसा करेगी तो सब तुझे बुरा कहेंगे कभी कभी लोकाचार के लिए भी कुछ कार्य करने पड़ते हैं..मुझे पता है तुझ से रायफल नही चलेगी पर तु वहां रहेगी तो गांव वालों को लगेगा तू भी उनमें से एक है । अगर तू ऐसे नही जाएगी तो गांव के समाज से पृथक हो जाएगी ..इस बात ने विमला को  सोचने पर विवश कर दिया और उसने ताई से कल ट्रैनिंग में आने की हामी भर दी ..सवेरा हुआ  खेत मे टारगेट लगाया जा चुका था आर्मी का ट्रेनर और 4..5 जवान  वर्दी में खड़े थे ..गांव की महिलाएं भी एक लाइन से खड़ी थी और दूसरे कोने में झिझक के साथ खड़ी थी विमला, ..चंदा आज खुश थी उस के लिए मानो ओलम्पिक का मेडल आज निर्धारित होने वाला था जिसे वो मान चुकी थी कि उसे ही मिलेगा ..चूंकि विमला आज पहली बार आयी थी तो ट्रेनर ने उसे सब से पहले रायफल पकड़ना और लोड करना सिखाया..विमला ने इतनी भारी रायफल को जैसे पकड़ा धड़ाम से रायफल उसे के हाथ से गिर गयी उसे लगा रायफल न हो उसने हाथी को गोद मे उठा लिया हो ..सारी महिलाएं ये देख के हँस रही थी और ट्रेनर भी पर विमला विचलित ना थी न उसमे दबाव था क्योंकि उसके पास खोने के लिए कुछ नही था ..जैसे तैसे उसने रायफल के वजन से अपने को संतुलित किया ..ट्रेनर ने कहा विमला आप तब तक रायफल पकड़ने का अभ्यास करो तब तक  हम अन्य महिलाएं को टारगेट पे फायर करना सिखाते हैं..विमला चुपचाप अभ्यास करने लग गयी ..और अन्य महिलायें बारी बारी से फायर करने लग गयी..कई महिलाएं निशाना तो दूर फायर के आवाज से ही डर के चीखने लगी..किसी का भी निशाना टारगेट के आस पास ना था..चंदा की बारी आई उसने अपने बलिष्ठ शरीर से एक हाथ से रायफल को पकड़ा एक बार मे लोड कर के अभिमान से विमला की तरफ देख कर मुस्कुराते हुए टारगेट पर निशाना सादा पर जैसे ही फायर किया फायर की आवाज और रायफल के धक्के से चंदा संतुलन खो गयी और चंदा का फायर आसमान में जा पहुंचा..उसका भी फायर टारगेट के  आस पास ना था..किसी भी महिला का का फायर टारगेट के दूर दूर तक नही लगा ..ट्रेनर भी हतोत्साहित हो गया और उस ने विमला को कहा आप भी फायर करो बाकी कल देखेंगे  ..उसे भी विमला से उम्मीद न थी न किसी को ,चंदा को तो यह था कि जब वो नही कर पाई विमला तो ट्रिगर दबा भी पाती है कि नही..खैर विमला का टर्न आया विमला फुर्तीली तो नही थी पर उसमे ध्यान केंद्रित करने की एकाग्रता थी और न उसमे कोई दबाव था .. रायफल के वजन को जैसे तैसे संतुलित करते हुए उसने टारगेट पे निशाना सादा ..वैसे ही जैसे वो मायके में अपने पसन्द के फल आम के लिए पत्थर को सादती थी ..ध्यान केंद्रित करते हुए उसने फायर किया..फायर की गर्जना हुई..पेड़ो से पक्षी उड़ गए..और धड़ाम से किसी के गिरने की आवाज आई ..एक तरफ विमला गिरी थी जिसे फायर के बैक प्रेशर ने गिराया था और सामने घासफुश का अदमीनुमा टारगेट..सब हतप्रभ थे ट्रेनर ने अचंभित होकर टारगेट के पास आकर देखा ..गोली सीने के बीचो बीच लगी थी..उसने ताली बजाते हुए हर्ष से नाद किया ..तुमने कर दिया ..शाबाश तुमने कर दिया..किसी को विश्वास नही हुआ सबने सोच तुक्का लग गया ..फिर एक बार टारगेट सेट किया गया विमला ने भूमि से उठ के धोती की धूल को झाड़ते  हुए फिर निशाना सादा और फायर किया इस बार तो गोली सीदा सर के आर पार हुई..करतलध्वनि से वो खेत गूँज उठा ..विमला से ट्रेनर ने 12 फायर करवाये और सभी 12 के 12 टारगेट पे लगे ..शायद वो टारगेट पे नही चंदा के अभिमान पे लगे थे..ट्रेनर और जवानों और गांव के सभी पूर्वफ़ौजियों ने जम कर विमला की तारीफ की ..चारों तरफ शोर था विमला ने कमाल कर दिया ..विमला हमारे गांव की शान है ..ट्रेनर ने विमला का उदाहरण देते हुए अन्य महिलाओं को उस से सीखने की सलाह दी..चंदा का मानमर्दन हो चुका था शाम के समय महिलाओं की चौपाल फिर हुई ,चौपाल में बस विमला पर चर्चा हो रही थी ..और आज की चौपाल में चंदा की अनुपस्थिति ने बता दिया था कि प्रतिस्पर्धा में वो आज हार चुकी है उसे विमला ने नही उसके अहम ने हराया था ..काफी दिनों तक गांव में बस विमला की चर्चा थी..शाम को चाय की दुकान में एकत्रित हुए पुरुषों से लेकर स्कूल गए बच्चों तक विमला विमला नाम छाया हुआ था..आस पड़ोस और विमला के मायके में भी विमला की ख्याति पहुंचने लग गयी..कुछ अफवाह भी उड़ने लगी जैसे नरबक्षी बाघ को मारने के लिए  वन विभाग ने  विमला से मदद मांगी है ..और राष्ट्रीय निशानेबाजी स्पर्धा में विमला का नाम चयन हुआ है इत्यादि. विमाला को एक एक उपाधी दी गयी अब उसे निशानची विमला के नाम से पुकारा जाने लगा,.विमला का पति स्वयं को आज अमीर समझने लग गया था क्योंकि जिधर भी जाओ उसे विमला का पति होने का सम्मान मिलता था ,विमला के नाम से ही अब उसकी और गांव की  पहचान हो गयी थी ..,आज भी विमला विचलित नही थी पर आज उसमे आत्मविश्वास था  और जो जीवन वो काट रही थी अब उसमे वो अपने लिए सम्मान देख रही थी ...उसे लग रहा था की समाज मे उसका भी स्थान है वो भी किसी कार्य मे निपुर्ण है ..हर कोई हर  कार्यक्षेत्र में निपुण नही हो सकता सबकी अपनी विशेषता होती है और सबकी अपनी कार्यक्षमता,..विमला ने सारे पैमाने बदल दिए थे ..1962 के युद्ध मे देश तो हारा मगर इस गांव में कोई जीत गया था . इस युद्ध मे हमने काफी ज़मीन खोई मगर इस सुदूर सीमावर्ती गांव ने पाया एक निशानची.."विमला निशानची"

लेखक- आशीष नौटियाल

10 comments:

  1. अच्छी और रोचक कहानी ..

    ReplyDelete
  2. अच्छी कहानी है और भी लिखिए !!

    ReplyDelete
    Replies
    1. आभार आपकी टिप्पणी के लिए

      Delete
  3. वाह बहुत बढिया कहानी है👌👌

    ReplyDelete
    Replies
    1. आभार आपका मूल्यमान टिप्पणी हेतु

      Delete
  4. वाह गजब की कहानी।
    सहसा वही सम् मान की पात्र बनी जिस पर विश्वास ही नहीं था लोगों को। एक लम्बे अंतराल के बाद उसका आम तोड़ने वाले तरीका काम आया उसे भी अपने आप पर गर्व हुआ होगा । उस दिन से वह भी आनन्द से भर गयी होगी उसका आत्मविश्वास जाग गये होगा ।
    बहुत बहुत हार्दिक बधाइयाँ और शुभकामनाएं

    ReplyDelete
    Replies
    1. आपकी बहुमूल्य टिप्पणी के लिए आभार

      Delete